आपदा प्रभावित भीमताल में मंत्री कैड़ा का दौरा, क्षतिग्रस्त सड़कों-पेयजल व बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

नौकूचियाताल, नौल और विजरौली में नुकसान का लिया जायजा, प्रभावित ग्रामीणों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर विगत दिनों हुई अतिवृष्टि एवं आपदा से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने नौकूचियाताल, नौल, विजरौली सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों, पेयजल लाइनों, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य प्रभावित परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने आपदा के कारण उत्पन्न हुई विभिन्न परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपदा की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मंत्री कैड़ा ने मौके पर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण क्षेत्र में कई मोटर मार्ग, पेयजल लाइन और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्गों एवं पेयजल लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो, वहां आपदा मद से सुरक्षात्मक एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को आवागमन, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

मंत्री ने अधिकारियों से राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page