आपत्तिजनक फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग: विवाहिता की मौत के मामले में आशिक अली गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

लालकुआं। ब्लैकमेलिंग से जुड़े विवाहिता आत्महत्या प्रकरण में लालकुआं पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी आशिक अली को दिनांक 26.09.26 को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से ब्लैकमेलिंग में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
प्रकरण के अनुसार दिनांक 06.08.2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू, लालकुआं निवासी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेन्द्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर द्वारा थाना लालकुआं में तहरीर दी गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि मृतका के पति के हेल्पर आशिक अली से मृतका का मोबाइल के माध्यम से संपर्क था तथा उसका घर पर आना-जाना भी था। आरोप है कि आशिक अली ने मृतका को अपने जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो/वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हुई और आत्महत्या कर ली।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि साहिब अली एवं देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को मामले में कानूनी कार्यवाही करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में मु0अ0सं0 146/2026, धारा 108/351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना चौकी प्रभारी श्री अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं श्री विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं श्री बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहन जांच के बाद मुख्य आरोपी आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली (उ0प्र0), हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है।
वहीं सह-अभियुक्त साहिब अली पुत्र भूरे शाह, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली (उ0प्र0) एवं देवेश गंगवार, निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल वर्तमान में फरार हैं। पुलिस द्वारा दोनों की भूमिका, धमकी से संबंधित तथ्यों तथा प्रकरण में उनकी संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी हैं।
बरामदगी: अभियुक्त आशिक अली का मोबाइल फोन, जिसका प्रयोग आपत्तिजनक फोटो/वीडियो बनाने एवं भेजने में किया गया।
पुलिस टीम: श्री अर्जुन गिरी (चौकी प्रभारी हल्दूचौड़), कानि0 गुरमेज सिंह, कानि0 कुबेर सिंह।







