आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण जागरूकता कार्यक्रम
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत यूओयू के गृह विज्ञान विभाग ने महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक

हल्द्वानी, 30 सितंबर 2026। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के गृह विज्ञान विभाग की ओर से बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र, कमलुवागांजा मेहता में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को बेहतर पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गृह विज्ञान विभाग के शिक्षकों ने जंक फूड के अत्यधिक सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को पैकेज्ड तथा अधिक नमक, चीनी और वसा वाले खाद्य पदार्थों के स्थान पर स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को धात्री महिला के आहार, बालिकाओं के लिए बेहतर पोषण, विटामिन-ए, शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार तथा पोषक तत्वों से भरपूर भोजन के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर बांटे पेम्फ्लेट
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को डेंगू, मलेरिया, टीकाकरण, टीबी, स्वच्छ जल, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया, माहवारी के दौरान स्वच्छता, गर्भावस्था के दौरान देखभाल और नवजात शिशुओं की देखरेख जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पेम्फ्लेट वितरित किए गए।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए शिक्षाप्रद पोस्टर और खेल सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में लाभार्थियों को सैनिटरी नैपकिन भी उपलब्ध कराए गए और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
बच्चों और महिलाओं के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग की ओर से महिलाओं एवं बच्चों के लिए सूक्ष्म जलपान की भी व्यवस्था की गई। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
समुदाय स्तर पर लगातार जागरूकता जरूरी : प्रो. मंजरी अग्रवाल
कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशक प्रो. मंजरी अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि समुदाय स्तर पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पोषण संबंधी सही जानकारी को परिवार और समुदाय तक पहुंचाकर स्वस्थ एवं जागरूक जीवनशैली के प्रति सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग की डॉ. दीपिका वर्मा, डॉ. प्रीति बोरा, श्रीमती मोनिका द्विवेदी तथा डॉ. ज्योति जोशी के साथ आंगनबाड़ी केंद्र की प्रभारी श्रीमती नीमा रुवाली एवं सहायिका श्रीमती बबीता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय पोषण माह के संदेश को समुदाय तक पहुंचाना तथा महिलाओं, बच्चों एवं अभिभावकों को बेहतर पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।








