उत्तराखंड में पांच दिन मौसम का मिजाज बिगड़ा, 26 अगस्त तक येलो अलर्ट
11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, आकाशीय बिजली और तेज बौछारों को लेकर मौसम विभाग ने किया अलर्ट


देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के तेवर अभी नरम होते नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग ने 22 से 26 अगस्त तक प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
22 अगस्त को 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 22 अगस्त को देहरादून, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। प्रदेश के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।
23 अगस्त को सात जिलों में भारी बारिश
23 अगस्त को भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेशभर में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
24 अगस्त को तीन जिलों में भारी बारिश
24 अगस्त को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
25 अगस्त को देहरादून समेत तीन जिलों में चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना बनी रहेगी।
26 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश
26 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के पर्वतीय जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
27 और 28 अगस्त को भी बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग ने 27 अगस्त के लिए भी मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
28 अगस्त को भी पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आकाशीय बिजली को लेकर विशेष सावधानी की जरूरत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और बारिश के दौरान यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आकाशीय बिजली की संभावना के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से भी लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और स्थानीय जलभराव जैसी परिस्थितियां भी उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।







