ग्राफिक एरा में 24 घंटे का ‘वॉच द कोड’ हैकाथॉन सम्पन्न, टीम सुपरसोनिक बनी विजेता

हल्द्वानी, 20 अप्रैल ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी में टेक गीक क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेशनल कोडिंग महाकुंभ ‘वॉच द कोड’ हैकाथॉन का शानदार समापन हुआ। 24 घंटे तक चले इस मैराथन मुकाबले में नवाचार, टीम वर्क और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, देहरादून की टीम सुपरसोनिक ने प्रथम स्थान हासिल कर ₹50,000 की नकद राशि जीती।

निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन तकनीकी दक्षता और समस्या समाधान क्षमता के आधार पर किया। प्रतियोगिता में टीम कोडेक्स साइफर्स (IEM कोलकाता) ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹25,000 और टीम ओवरक्लॉक्ड (ग्राफिक एरा भीमताल कैंपस) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹15,000 का पुरस्कार जीता। वहीं टीम ज़ीरोडिफ और टीम टेक4ऑल को सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹5,000-₹5,000 प्रदान किए गए।
नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए टीम विनकॉन को ‘मोस्ट इनोवेटिव आइडिया अवार्ड’ दिया गया। व्यक्तिगत श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम बैकअपप्लान के शंकर सिंह को ‘लोन वुल्फ अवार्ड’ के साथ ₹5,000 से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन उद्योग जगत के विशेषज्ञों—अविक अगरवाला (डेटा इंजीनियर, टीसीएस), देवेश तुलस्यान (फुल स्टैक एआई एवं क्लाउड इंजीनियर, टीसीएस) और विनय चंदोला (सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवं एसीएम लीडरशिप)—द्वारा किया गया। मेंटर्स के रूप में विभा चंदोला, अंकुल कुमार, प्रियांशु कुमार, मयंक कुमार, मनीष चंद्र पनेरू और लक्ष्यजीत जलाल ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि आज का दौर केवल कोडिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान निकालना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा विकसित प्रोटोटाइप उनकी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रमाण हैं।
कार्यक्रम का संचालन फैकल्टी समन्वयक डॉ. मनीषा कोरंगा और कमलेश पलड़िया ने किया। आयोजन को सफल बनाने में शुभम लोशाली, अनिकेत जैन, नितिन और करणप्रीत सहित छात्र प्रबंधन टीम का विशेष योगदान रहा।







