बारिश में खराब हुई सोलर फेंसिंग, हाथी ने महिला को पटककर मार डाला


देहरादून/जौलीग्रांट। थानो क्षेत्र में सोमवार शाम हाथी के हमले में 37 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला घर लौट रही थी, तभी आबादी के पास अचानक हाथी सामने आ गया। हाथी ने महिला पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में हाथी की निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार बड़ासी माजरा धन्याड़ी निवासी अंजलि गुप्ता पत्नी अश्वनी गुप्ता सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक रेस्टोरेंट से दूध लेकर घर लौट रही थीं। वह घर के नजदीक पहुंची ही थीं कि सड़क पर अचानक हाथी आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
अंजलि की चीख-पुकार सुनकर परिजन घर से बाहर निकल आए। इस दौरान हाथी ने अंजलि के भाई आशीष मनवाल को भी दौड़ा दिया। परिजनों और आसपास के लोगों ने हाथी को आबादी से दूर भगाने का प्रयास किया। पटाखे फोड़ने के बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया।
इधर, हमले में गंभीर रूप से घायल अंजलि को परिजन तत्काल देहरादून के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बारिश से खराब हो गई थी सोलर फेंसिंग
स्थानीय लोगों के अनुसार आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही रोकने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण फेंसिंग खराब हो गई थी। इसके चलते हाथी आबादी के करीब पहुंच गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से सोलर फेंसिंग को जल्द दुरुस्त कराने और हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी है। वनकर्मियों की ओर से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा हाथी आबादी वाले क्षेत्र में न पहुंच सके। ग्रामीणों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और खराब पड़ी सोलर फेंसिंग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।





