विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR-2026) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित


हल्द्वानी, 03 अगस्त, 2026 जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल के निर्देशानुसार सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल विवेक राय की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित नोटिस वितरण एवं प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए जाने के उद्देश्य से वर्तमान में नोटिस वितरण तथा दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया गतिमान है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में सम्मिलित न हो।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई, 2026 से 13 अगस्त, 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के साथ-साथ नोटिसों पर सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई, 2026 से 11 सितंबर, 2026 तक चलेगी तथा 15 सितंबर, 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद नैनीताल की प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जनपद में जारी 2,35,085 नोटिसों के सापेक्ष अब तक 1,51,084 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की पहचान की गई है। जनपद नैनीताल में लगभग 1,88,054 प्रकरण विसंगति (Anomaly) तथा 47,031 प्रकरण No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं, जिन पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधिसम्मत नोटिस जारी कर नियमानुसार जांच एवं सुनवाई की कार्यवाही की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से रह गया हो अथवा नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 अथवा प्रपत्र-8 के माध्यम से दावा अथवा आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेई, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें श्संजू, हरीश सोनौलिया (बसपा), मनोज शर्मा (कांग्रेस), राम सिंह (कांग्रेस), अनिल अग्रवाल (कांग्रेस), आनंद सिंह (भाजपा), बहादुर सिंह नागदली (भाजपा), प्रकाश पटवाल (कांग्रेस) एवं मनीष पाल (भाजपा) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।







