अंडर-15 मिक्स डबल्स में मयंक-प्रत्युषा बने चैंपियन, अंडर-17 में भी प्रत्युषा ने जीता कांस्य

नैनीताल। नैनीताल जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के अंडर-15 मिक्स डबल्स वर्ग में मयंक फर्स्वाण और प्रत्युषा रावत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, अंडर-17 मिक्स डबल्स वर्ग में प्रत्युषा रावत ने हिमांशु गुणवंत के साथ मिलकर कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का एक और शानदार परिचय दिया।


अंडर-15 मिक्स डबल्स के फाइनल मुकाबले में मयंक फर्स्वाण और प्रत्युषा रावत की जोड़ी ने पूरे मैच के दौरान बेहतरीन तालमेल, सटीक शॉट्स और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अंगद और मिताक्षी की जोड़ी को सीधे सेटों में 15-8 और 15-11 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और प्रतिद्वंद्वी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।


टूर्नामेंट में प्रत्युषा रावत का शानदार प्रदर्शन यहीं नहीं थमा। उन्होंने अंडर-17 मिक्स डबल्स वर्ग में हिमांशु गुणवंत के साथ भी प्रभावशाली खेल दिखाया। दोनों खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
युवा खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने खुशी जताई। सभी ने मयंक फर्स्वाण, प्रत्युषा रावत और हिमांशु गुणवंत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के अन्य उभरते शटलरों को भी प्रेरणा मिलेगी।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page