नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंजा स्वतंत्रता दिवस समारोह

हल्द्वानी। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को सारथी फाउंडेशन समिति परिवार की ओर से प्रा. पा. बमोरी मल्ली, दुर्गा सिटी सेंटर के समीप, स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सुबह नौ बजे शुरू हुए कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम पार्षद रवि वाल्मीकि, विद्यालय की प्रधानाचार्या चंपा पुरोहित, सहायक शिक्षिका दीपा जोशी, सारथी फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष नवीन पंत सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
देशभक्ति और एकता का दिया संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। बच्चों में देशप्रेम, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सारथी फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष नवीन पंत ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार, शिक्षकों, बच्चों और उपस्थित अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में अध्यक्ष नवीन पंत, सचिव ज्ञानेंद्र जोशी, जय प्रकाश, डॉ. जाकिर हुसैन, बीना जोशी, पूजा पंत, संतोष गौड़ सहित कई गणमान्य लोग और अभिभावक मौजूद रहे। समारोह का समापन बच्चों और उपस्थित लोगों के बीच देशप्रेम एवं राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page