राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था हेतु व्यापक पुलिस ब्रीफिंग आयोजित


राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के जनपद नैनीताल भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद एवं अभेद्य बनाए रखने हेतु डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद पुलिस पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात है।

इसी क्रम में आज दिनांक 08.08.2026 को डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल की अध्यक्षता में प्रातः 08:30 बजे एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को *वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने, कार्यक्रम स्थल एवं वीवीआईपी रूट पर विशेष सतर्कता बनाए* रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा संदिग्ध व्यक्ति, वाहन एवं वस्तुओं पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने, वायरलेस संचार व्यवस्था को सक्रिय बनाए रखने, आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
ब्रीफिंग व्यवस्था का समुचित संचालन श्री हरकेश सिंह प्रतिसार निरीक्षक नैनीताल एवं श्री विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी द्वारा किया गया।
उक्त ब्रीफिंग में श्री मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी,श्री रेवाधर मठपाल एसपी संचार नैनीताल, श्री विमल प्रसाद क्षेत्राधिकारी लालकुआं/हल्द्वानी सहित ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।







