आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम आयोजित

आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में आज भारत विकास परिषद द्वारा ‘ गुरु वंदन– छात्र अभिनन्दन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिसके संचालक श्री अमित अग्रवाल जी तथा मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा बिष्ट तथा एडवोकेट प्रिया अरोरा जी थे। इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षकों और मेधावी छात्रों को उनके विशेष योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा चयनित शिक्षिकाओं को उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की अध्यापिका श्रीमती ज्योति बिष्ट और हिंदी अध्यापिका श्रीमती प्रभा परगाईं को भारत विकास परिषद के सदस्यों द्वारा श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर ‘गुरु वंदन’ किया गया। परिषद ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण की सराहना की।
शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के दो होनहार छात्रों, सौरव जोशी और नमन परिहार को ‘छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम के तहत पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई भारत विकास परिषद के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के मूल्यों, गुरुओं के सम्मान और राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। स्कूल प्रशासन ने परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर स्कूल का समस्त स्टाफ और परिषद के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।







