खुर्पाताल में एसआईआर सर्वे की त्रुटियों के निस्तारण को लगी चौपाल, अधिकारियों ने मौके पर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं


खुर्पाताल (नैनीताल)। नैनीताल के निकट न्याय पंचायत खुर्पाताल की ग्राम सभा खुर्पाताल स्थित माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) सर्वे में सामने आ रही त्रुटियों और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान बीएलओ बहादुर सिंह रावत और कैलाश सयाना सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सर्वे से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों का समाधान करते हुए ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हेम आर्य भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। हेम आर्य ने कहा कि सरकारी अधिकारियों के कठिन परिश्रम और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के कारण एसआईआर सर्वे नैनीताल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे देश में व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी गंभीरता और धैर्य के साथ सर्वे से संबंधित त्रुटियों का निराकरण कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को सुविधा मिल रही है।
उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी लोग धैर्य और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। जनसहभागिता के कारण सर्वे का कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ रहा है और इसके लिए सभी ग्रामीण बधाई के पात्र हैं।
बैठक में भाजपा ग्रामीण मंडल नैनीताल के महामंत्री गौरव गोस्वामी, विजय बिष्ट, रतन गोस्वामी, नीमा कनवाल, पुष्पा कनवाल, लक्ष्मण, दलीप सिंह, दीपक कनवाल, तारा कनवाल, विक्रम कनवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








