ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर, 100 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह

हल्द्वानी। 13 फरवरी उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड एवं ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर हल्द्वानी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल का संचालन विश्वविद्यालय के कम्युनिटी आउटरीच सेल द्वारा किया गया।
शिविर में सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल तथा एल.टी. बालकृष्ण देवकी जोशी चैरिटेबल ब्लड सेंटर की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने सहयोग प्रदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए 100 से अधिक यूनिट रक्तदान किया। एकत्रित रक्त को दोनों स्वास्थ्य संस्थानों को सौंपा गया, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल सकेगा।

रक्तदान से पूर्व सभी प्रतिभागियों की स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया। पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि रक्तदान महादान है। यह केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जिस समर्पण भाव से सहभागिता की है, वह विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की बात कही।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के आयोजन छात्रों में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सा टीम और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रक्तदान शिविर युवा शक्ति की सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।







