हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर बड़ा हादसा कार की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल

हल्द्वानी हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार की स्कूटी से हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की पहचान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार रुद्रपुर से एसी का काम करके हल्द्वानी लौट रहे थे । इसी दौरान हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर एक कार ने कथित तौर पर गलत दिशा में आकर उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में घायल अर्सलान (22) को राहगीरों की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अर्सलान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं हादसे में घायल हसनैन (21) का उपचार कृष्णा अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए। हादसे में शामिल कार का नंबर UP16 ET 4772 बताया गया है। परिजनों के अनुसार, अर्सलान के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और वाहन में सवार लोगों की पहचान की जांच कर रही है। घटना के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page