25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा ‘आंगन का मिलन’ अभियान, नैनीताल के 1916 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे सेवा, पोषण और जागरूकता के केंद्र

मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी में की तैयारियों की समीक्षा, कहा—आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण-शिक्षा तक सीमित न रहें, माताओं और परिवारों के लिए बनें संवाद का मजबूत मंच

हल्द्वानी, 19 सितंबर 2026।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के सफल और व्यापक क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता को जोड़ने वाला व्यापक अभियान होगा। नैनीताल जनपद के 1916 आंगनबाड़ी केंद्रों में 13 दिनों तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से बच्चों, माताओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा कार्यक्रमों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराकर विभागीय स्तर पर रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़कर उनका लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे जागरूकता और संवाद का मंच

मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण का केंद्र बनकर न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और पूरे परिवार के लिए जागरूकता एवं संवाद का मजबूत मंच बनें। अभियान के दौरान परिवारों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना और प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य एवं पोषण का संदेश पहुंचाना ‘सेवा संकल्प’ अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। 13 दिनों तक चलने वाला यह अभियान बच्चों के पोषण और सर्वांगीण विकास के साथ अभिभावकों की जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रयास होगा।

बैठक में भाजपा महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविन्द्र बाली, महिला मोर्चा महामंत्री आभा गोस्वामी, राशि जैन, जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page