स्वच्छता के संकल्प से बदलेगा जनपद का स्वरूप, ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ ने पकड़ी रफ्तार

सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव से शहर तक चला सफाई का महाअभियान, जनभागीदारी से गूंजा स्वच्छता का संदेश

हल्द्वानी, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नैनीताल जनपद में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान ने व्यापक रूप ले लिया है। भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जिलेभर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रायल के निर्देश पर जनपद के नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों तक स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता श्रमदान के साथ ही जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक स्थलों की सफाई, स्वच्छता श्रमदान, जागरूकता रैलियां, जनसंवाद और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है।

‘स्वच्छता’ को जनआंदोलन बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। जब प्रशासन के प्रयासों के साथ आमजन की भागीदारी जुड़ती है, तभी स्वच्छता अभियान स्थायी परिणाम दे सकता है।

उन्होंने सभी विभागों, स्थानीय निकायों, संस्थानों और नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ जनपद का निर्माण संभव है।

मानस दर्पण | नैनीताल


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page