शस्त्रों, उपकरणों एवं कार्यस्थलों का पूजन कर नैनीताल पुलिस ने मनाई भगवान विश्वकर्मा जयंती

नैनीताल, 17 सितंबर। निर्माण एवं सृजन के देवता भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस लाइन नैनीताल में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, संचार शाखा एवं परिवहन शाखा में औजारों, मशीनों और विभिन्न उपकरणों को विधिवत सजाकर पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की गई। पुलिस बल द्वारा प्रतिदिन कर्तव्य निर्वहन में उपयोग किए जाने वाले शस्त्रों एवं उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता और सुचारु संचालन के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की गई।
पूजन कार्यक्रम में SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसपी ऑफिस/संचार श्री रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन श्री हरकेश सिंह, आरआई संचार श्री राजकुमार बिष्ट, SI MT श्री दलजीत मर्तोलिया, आरमोरर मंगल सिंह सहित अन्य कर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। तत्पश्चात पुलिसकर्मियों को प्रसाद एवं मिष्ठान वितरित कर विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती हमें कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण एवं सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र एवं उपकरण केवल कार्य के साधन नहीं, बल्कि जनसेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनका सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग प्रत्येक पुलिसकर्मी के कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
जिले के सभी थानों में भी हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी श्री मनोज कत्याल एवं प्रभारी निरीक्षक श्री विजय मेहता सहित जनपद के समस्त थानों, चौकियों एवं अन्य पुलिस शाखाओं में भी भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान संबंधित पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप एवं अन्य कार्यस्थलों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों एवं उपकरणों का विधिवत पूजन कर उनकी सुरक्षा एवं सुचारु संचालन की कामना की गई।







