मां नंदा देवी महोत्सव पर ‘Selfie With Jute Bags’ अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

नैनीताल, 21 सितंबर 2026।
मां नंदा देवी महोत्सव के अवसर पर नगर पालिका परिषद नैनीताल की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से ‘Selfie With Jute Bags’ जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने हस्तनिर्मित जूट एवं कपड़े के आकर्षक बैगों की प्रदर्शनी लगाई। इस पहल के माध्यम से एक ओर स्थानीय महिलाओं के हस्तशिल्प और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी ओर लोगों को प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को जूट एवं कपड़े के बैग के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना और दैनिक जीवन में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
नगर पालिका की ओर से लोगों से अपील की गई कि प्लास्टिक को ‘ना’ कहें और जूट एवं कपड़े के बैग अपनाएं। मां नंदा देवी के पावन पर्व पर नैनीताल की झील, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लें।
अभियान में स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग किया।







