बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग को अजय भट्ट का समर्थन, बोले—जनभावनाओं के साथ खड़ी है सरकार

हल्द्वानी। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की वर्षों पुरानी मांग को नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता की जनता की भावनाओं के साथ सरकार खड़ी है और इस दिशा में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने वन मंत्री सुबोध उनियाल से दूरभाष पर वार्ता की है। वन मंत्री ने भी मामले में जल्द सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। अजय भट्ट के अनुसार, राज्य सरकार इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए इसे जल्द कैबिनेट के समक्ष लाने और इसके बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने का मुद्दा वे पूर्व में लोकसभा में भी उठा चुके हैं। क्षेत्रवासियों की मालिकाना हक से जुड़ी मांग लंबे समय से चली आ रही है और सरकार इस मामले को जनभावनाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
अजय भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले के समाधान के लिए वन मंत्री की अध्यक्षता में एक समिति तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में दूसरी समिति गठित की है। दोनों समितियां मामले के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई के संबंध में अपनी भूमिका निभाएंगी।
सांसद ने कहा कि बिंदुखत्ता के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग के समाधान को लेकर सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस मामले में ठोस निर्णय सामने आएगा।







