नशामुक्त भारत अभियान को गति देने के निर्देश, गांव-वार्ड तक चलेगा जनजागरूकता अभियान

हल्द्वानी, 25 सितंबर 2026 (सू.वि.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में डीएम कैंप कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की मांग को कम करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर नशामुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अभियान को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ प्रत्येक गांव, वार्ड और क्षेत्र तक पहुंचाने को कहा गया।

उन्होंने सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। नगर निगम, कृषि, वन, शिक्षा, समाज कल्याण समेत संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान संचालित करने को कहा गया।

अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए NMBA पंजीकरण, मोबाइल एप और ई-शपथ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। क्यूआर कोड के माध्यम से आमजन अभियान से जुड़कर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प ले सकते हैं।

बैठक में अधिकारियों एवं कार्मिकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी ली।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, समिति राज्य सदस्य नारायण डांगी, आर.पी. पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page