ज्योलिकोट में जलजनित बीमारियों के बचाव कार्यों का सांसद अजय भट्ट ने लिया जायजा

विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, पीड़ित परिवारों से मिले सांसद; बोले—जांच में दोषी पाए गए लोगों को बख्शा नहीं जाएगा

नैनीताल। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित बचाव एवं उपचार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार, जांच, दवाओं और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों के उपचार, जांच और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद ने कहा कि जलजनित बीमारियों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली के साथ-साथ नैनीताल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी तैनाती की गई है, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

मृतकों के परिजनों से मिले सांसद

सांसद अजय भट्ट ने जलजनित बीमारियों की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और संबंधित विभागों की जांच जारी है। जांच में यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सांसद ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता बीमारी से प्रभावित लोगों को त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि स्थिति को जल्द सामान्य किया जा सके।

इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिला मंत्री पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोबिंद रावत, कैलाश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page