जनगणना-2027: नैनीताल में करीब 4 हजार प्रगणकों की होगी तैनाती, 1 दिसंबर से घर-घर शुरू होगी जनसंख्या गणना

हल्द्वानी, 24 सितंबर 2026। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई। कार्यशाला में अधिकारियों एवं कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
जनगणना विभाग के सहायक निदेशक अरविंद सिंह ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य अप्रैल माह में पूरा किया जा चुका है। द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की जाएगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। छूटे हुए एवं पात्र लोगों की गणना की प्रक्रिया भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नैनीताल जनपद में जनसंख्या गणना के लिए लगभग 4 हजार प्रगणकों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एकत्र की जाएगी तथा करीब 40 प्रश्नों के माध्यम से डेटा संकलित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि जनगणना कार्य में तकनीकी प्रक्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पोर्टल के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया, डेटा संकलन और अन्य तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्मिकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेंद्र कुमार तिवारी, अपर संख्याधिकारी कमल मेहरा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







