चाफी-अलचौना-ताड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का मंत्री कैड़ा ने किया शुभारंभ

विनायक में गोल्ज्यू देवता मंदिर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी भूमि पूजन

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में चाफी से अलचौना-ताड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। लंबे समय से खराब चल रहे इस मोटर मार्ग के कारण ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान मार्ग पर कीचड़ होने से वाहनों के फंसने की समस्या भी सामने आती थी।

ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मार्ग के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 26 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई। मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

गोल्ज्यू मंदिर के पुनर्निर्माण का भी शुभारंभ

इसके साथ ही मंत्री कैड़ा ने विनायक स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर को मंदिर माला मिशन योजना में शामिल कराए जाने के बाद मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। मंदिर के विकास कार्यों के लिए 91 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर माला मिशन के अंतर्गत क्षेत्र के मंदिरों के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के कार्य भी किए जा रहे हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, प्रधान कमल देवका, लता आर्य, अंकित आर्य, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, ज्येष्ठ प्रमुख नंदाबल्लभ ब्रजवासी, आनंद मणि भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क और मंदिर विकास कार्यों के शुभारंभ पर मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page