खेल महाकुंभ-2026: लालकुआं विधानसभा के खिलाड़ियों का सांसद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में फुटबॉल, बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी और गोली-कंचा के ट्रायल; अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हल्द्वानी, 20 सितंबर 2026। खेल महाकुंभ (मुख्यमंत्री चैम्पियन्स ट्रॉफी)-2026 के अंतर्गत सांसद स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए विधानसभा लालकुआं के खिलाड़ियों का चयन शनिवार को मिनी स्टेडियम, हल्द्वानी में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।
युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित ट्रायल में फुटबॉल, बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी एवं गोली-कंचा प्रतियोगिताओं में अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
फुटबॉल में कोच आनंद, गोपाल एवं ईशु रावत, बैडमिंटन में धर्म तथा रस्सा-कस्सी में विशाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करते हुए चयन प्रक्रिया संपन्न कराई। चयनित खिलाड़ी आगामी सांसद स्तरीय प्रतियोगिता में विधानसभा लालकुआं का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं विधानसभा प्रभारी लालकुआं गणेश सिंह पापड़ा, युवा कल्याण विभाग के हरीश सिंह नेगी, खेल प्रशिक्षक हिमांशु गुसाईं, ब्लॉक कमांडर पीआरडी दिवाकर रावत सहित पीआरडी के स्वयंसेवक मौजूद रहे।
खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। चयनित खिलाड़ियों से आगामी सांसद स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।







