क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण में देरी पर भड़के मंत्री राम सिंह कैड़ा
PWD अधिकारियों को नैनीताल जनपद की सभी क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर तत्काल काम शुरू करने के निर्देश

नैनीताल। जनपद में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की बदहाल स्थिति और स्वीकृत धनराशि के बावजूद डामरीकरण कार्य शुरू नहीं होने पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई है। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर क्षतिग्रस्त सड़कों पर तत्काल डामरीकरण कार्य शुरू कराने के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब डामरीकरण कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि पहले ही स्वीकृत हो चुकी है, तो धरातल पर कार्य शुरू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और ऐसे में विभागीय स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री ने विशेष रूप से चाफी से पदमपुर-धारी, रानीबाग से भीमताल, धारी से कसियालेख, टकूरा से जमराड़ी तथा रामगढ़ से कैंचीधाम सहित नैनीताल जनपद के दर्जनों मोटर मार्गों पर स्वीकृत डामरीकरण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तत्काल कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही कार्य की प्रगति की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों और जनता की सुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि डामरीकरण कार्य में अनावश्यक देरी पाई गई अथवा निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी मिली, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।







