कैंचीधाम-नैनीताल में ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर पुलिस का एक्शन, टैक्सी यूनियन के साथ की बैठक

हल्द्वानी कैंचीधाम, नैनीताल एवं भवाली में बढ़ते यातायात दबाव के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम ने हल्द्वानी-काठगोदाम टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और टैक्सी संचालकों के साथ बैठक की।
बैठक में आज के एग्जिट एवं डायवर्जन प्लान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुसार पहाड़ की ओर जाने वाले सभी वाहनों को सायं 03:30 बजे तक ही नैनीताल रूट से आगे जाने की अनुमति होगी। इसके बाद शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक उक्त रूट पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
साथ ही सभी चालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही व्यवस्थित रूप से पार्क करें, सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़ा न करें और यातायात व्यवस्था को बाधित न करें।
पुलिस ने सभी टैक्सी संचालकों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पूर्ण रूप से पालन करने और सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।








