काठगोदाम पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई, वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के पास दो चरस तस्कर धरे

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस एवं STF कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.155 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम श्री जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर, काठगोदाम के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त मनोज चंद्र पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, जनपद चंपावत (उम्र 29 वर्ष) के कब्जे से 609 ग्राम तथा अभियुक्त संजय चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी अनरिया, तहसील पाटी, जनपद चंपावत (उम्र 30 वर्ष) के कब्जे से 546 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम चरस बरामद की गई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 को भी कब्जे में लिया गया।
इस संबंध में कोतवाली काठगोदाम में मु0अ0सं0 116/26, धारा 08/20/60 NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, व0उ0नि0 धर्मेंद्र कुमार, हे0का0 प्रताप गड़िया (कोतवाली काठगोदाम), उ0नि0 चंदन सिंह बिष्ट, उ0नि0 प्रकाश भगत, हे0का0 मोहित वर्मा (STF कुमाऊं रेंज) शामिल रहे।







