अल्मोड़ा में ततैयों का कहर: पत्नी को बचाने दौड़े किसान की मौत, पत्नी गंभीर घायल

अल्मोड़ा। जिले के स्याल्दे विकासखंड के देघाट क्षेत्र स्थित गोलना गांव में ततैयों के झुंड के हमले की घटना में 64 वर्षीय खीम सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी 66 वर्षीय पत्नी विमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमला देवी सोमवार शाम करीब पांच बजे घर के पास खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक ततैयों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख सुनकर खीम सिंह उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन ततैयों ने उन पर भी हमला कर दिया। गंभीर हालत में वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल देघाट स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। रिपोर्टों के अनुसार खीम सिंह की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि विमला देवी का उपचार जारी है।







