शहीद श्री खेमचंद डोर्बी राजकीय महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा समारोह संपन्न, विजेताओं को किया सम्मानित

बेतालघाट (नैनीताल)। शहीद श्री खेमचंद्र डोर्बी राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट में वार्षिक क्रीड़ा समारोह का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता हेमचंद्र आर्य तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. दीप चंद्र रिखाड़ी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न एथलेटिक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। प्रतियोगिताओं में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़ (महिला एवं पुरुष वर्ग), 800 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग), लंबी कूद (महिला व पुरुष वर्ग), भाला फेंक (महिला व पुरुष वर्ग) तथा गोला फेंक (महिला व पुरुष वर्ग) शामिल रहीं।
200 मीटर दौड़ महिला वर्ग में पूजा जोशी ने प्रथम, यशोदा ने द्वितीय और चंद्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर महिला वर्ग में पूजा जोशी प्रथम, चंद्रा द्वितीय और रीमा तृतीय रहीं। 400 मीटर महिला दौड़ में निकिता ने प्रथम, पूजा जोशी ने द्वितीय तथा छाया पंत ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 100 मीटर पुरुष वर्ग में दीपक कुमार ने प्रथम, सतीश चंद्र ने द्वितीय और सुनील कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि हेमचंद्र आर्य ने अपने संबोधन में छात्रों के साथ अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे भी अपने विद्यालय में आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और कई बार चैंपियन ट्रॉफी जीतते थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य तथा अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर महिला वर्ग में पूजा जोशी तथा पुरुष वर्ग में नीरज कुमार ने चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. जयति दीक्षित ने किया। इस दौरान डॉ. ईप्सिता, डॉ. दीपक, डॉ. तरुण कुमार आर्या, ममता पांडेय, डॉ. निर्मला, संतोष भारती, डॉ. फरजाना अजीम, दिनेश कुमार जोशी, सपना आर्य, छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष कुसुम, सचिव नीरज कुमार, कोषाध्यक्ष हिमानी बिष्ट, आरती, मुकेश रावत, प्रेम देवी, ललित मोहन, महेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







