शहीदों के सपनों को साकार करने को उत्तराखंड की क्षेत्रीय पार्टियों को एकजुट करने में जुटी उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, 21-22 जून को रामनगर में बुलाई अहम बैठक

हल्द्वानी, 18 जून 2025
उत्तराखंड की बिगड़ती हालातों और जनभावनाओं की अनदेखी के बीच उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने राज्य की मूल अवधारणा और शहीदों के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से प्रदेश की क्षेत्रीय पार्टियों और जन संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में पार्टी ने 21-22 जून को सांय 4 बजे से रामनगर के अग्रवाल सभा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।

पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी, केंद्रीय महासचिव दिनेश उपाध्याय, केंद्रीय कोषाध्यक्ष विनोद जोशी एवं राज्य आंदोलनकारी पान सिंह नेगी ने नैनीताल और हल्द्वानी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिवक्ताओं, बुद्धिजीवियों, क्षेत्रीय पार्टियों और जन संगठनों को बैठक में आमंत्रित किया है।

प्रभात ध्यानी ने प्रेस को दिए बयान में कहा कि उत्तराखंड की जनता अब कांग्रेस और भाजपा जैसे राष्ट्रीय दलों से निराश हो चुकी है और चाहती है कि राज्य की क्षेत्रीय पार्टियां आपसी मतभेद और अहम को छोड़कर एकजुट हों। उन्होंने बताया कि बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एक राजनीतिक मोर्चा बनाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी ताकि जनपक्षधर सरकार बनाकर राज्य के शहीदों के सपनों को साकार किया जा सके।

बैठक में शामिल होने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल, स्वराज हिंद फौज, भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी, उत्तराखंड देवभूमि पार्टी, राष्ट्रीय रीजनल पार्टी, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा, उत्तराखंड महिला मंच सहित अन्य जन संगठनों व बुद्धिजीवियों से संपर्क किया गया है। आम जनता और विचारशील वर्ग ने इस पहल को समय की जरूरत बताया है।

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी और अन्य पदाधिकारी लगातार प्रदेशभर में जनसंपर्क कर बैठक को सफल बनाने में जुटे हैं। पार्टी का मानना है कि यह ऐतिहासिक एकता प्रयास 2027 चुनाव में निर्णायक साबित हो सकता है !


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page