ज्ञान का दीप जलाकर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने रौशन की दीपावली

राज्यभर में निशुल्क पुस्तक वितरण अभियान से हजारों विद्यार्थी और नागरिक हुए लाभान्वित
हल्द्वानी। दीपावली के शुभ अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने इस बार दीयों के साथ-साथ “ज्ञान का दीप” भी जलाया। विश्वविद्यालय द्वारा पूरे प्रदेश में “ज्ञान का दीप जलाओ” अभियान के तहत निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान में पंतनगर, हल्द्वानी, देहरादून, अल्मोड़ा, कर्णप्रयाग सहित सभी क्षेत्रीय एवं अध्ययन केंद्रों पर ज्ञान का उजाला फैलाया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के इस अनूठे प्रयास से अब तक हजारों विद्यार्थी और आम नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं। ये पुस्तकें पुराने पाठ्यक्रमों की हैं, जो अब भी शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य इन पुस्तकों को पुनः समाज के हित में उपयोग करना है। इन पुस्तकों का बाजार मूल्य हजारों रुपए तक है, किंतु विश्वविद्यालय इन्हें निशुल्क वितरित कर रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग ज्ञान अर्जन में समर्थ बन सकें।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने धनतेरस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि विश्वविद्यालय का यह प्रयास शिक्षा के प्रसार और समाज में ज्ञान की ज्योति जलाने की दिशा में एक सतत पहल है। उन्होंने बताया कि “ज्ञान का दीप जलाओ” अभियान आगामी माह तक जारी रहेगा। साथ ही, 30-31 अक्टूबर को विश्वविद्यालय स्थापना दिवस पर आयोजित “उत्तराखंड की भाषाओं” विषयक सेमिनार और पुस्तक मेले में भी निशुल्क पुस्तक वितरण किया जाएगा।
इस अभियान से न केवल शिक्षा का प्रसार हो रहा है, बल्कि यह उन विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए भी वरदान साबित हो रहा है जो आर्थिक कारणों से पुस्तकें नहीं खरीद पाते। दीपों के पर्व पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा जलाया गया “ज्ञान का दीप” प्रदेश में शिक्षा और समाज सेवा की नई मिसाल पेश कर रहा है।

