मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस का चरणबद्ध जन आंदोलन, 11 जनवरी से 25 फरवरी तक होंगे कार्यक्रम

हल्द्वानी। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने और इसके अधिकारों में कटौती के विरोध में कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। इसी क्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 11 जनवरी से 25 फरवरी तक चरणबद्ध जन आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के तहत जिले से लेकर राज्य स्तर तक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वराज आश्रम हल्द्वानी में संयुक्त रूप से आयोजित प्रेसवार्ता में नैनिताल जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने “मनरेगा बचाओ अभियान” की विस्तृत रूपरेखा जारी की। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन केंद्र सरकार इसे कमजोर करने का लगातार प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 11 जनवरी को जिला एवं महानगर मुख्यालयों पर एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन से होगी। इसके माध्यम से देशभर में मनरेगा बचाओ संघर्ष का शंखनाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर चौपाल, जनसंवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीण जनता, मजदूरों, किसानों और महिलाओं को मनरेगा से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके बाद 30 जनवरी को वार्ड और ब्लॉक स्तर पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने, बजट बढ़ाने और मजदूरों को समय पर रोजगार एवं भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।
कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तर पर मनरेगा बचाओ यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 7 फरवरी से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव किया जाएगा। आंदोलन का समापन 16 फरवरी से 25 फरवरी तक क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित रैलियों के साथ किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि मनरेगा पर हमला दरअसल देश के करोड़ों मेहनतकश परिवारों के भविष्य पर सीधा हमला है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि नैनिताल जिला और हल्द्वानी महानगर में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मनरेगा बचाओ अभियान को जनता के बीच ले जाएंगे।
प्रेसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज शर्मा और एडवोकेट रंजीत डसीला भी मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page