‘भारत माँ के नाम चिट्ठी’ से छू लिया दिल, मुजफ्फरनगर में हल्द्वानी की दो लेखिकाओं को मिला ‘साहित्य प्रज्ञा सम्मान’

हल्द्वानी। साहित्य की धरती पर हल्द्वानी की दो होनहार लेखिकाओं भारती भट्ट ‘भानु’ और सुमन बर्गली ने एक बार फिर अपनी रचनात्मकता का परचम लहराया है। मुजफ्फरनगर में आयोजित ‘साहित्य प्रज्ञा सम्मान समारोह’ में दोनों को ‘एक चिट्ठी भारत माँ के नाम’ विषय पर लिखी गई उनकी प्रेरणादायक रचनाओं के लिए सम्मानित किया गया।

ज्ञानेश्वरी प्रकाशन के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में देशभर से जुटे वरिष्ठ साहित्यकारों ने दोनों लेखिकाओं की लेखनी को समाज को जागरूक करने वाला सशक्त माध्यम बताया। समारोह में प्रकाशन संस्थान के संस्थापक आकाश मालिया ने उन्हें सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया।

सुमन बर्गली की कहानियाँ, लेख व कविताएँ जहां सामाजिक सरोकारों को बखूबी दर्शाती हैं, वहीं भारती भट्ट ‘भानु’ की लेखनी भी संवेदनशीलता, भावप्रवणता और विचारशीलता से भरपूर है। दोनों लेखिकाओं की साहित्यिक यात्रा सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक सृजन का भी उदाहरण है। उन्होंने अन्य महिला रचनाकारों के साथ मिलकर ‘प्राइड ऑफ वुमन’ नामक एंथॉलजी पुस्तक प्रकाशित की, जिसे पाठकों से विशेष सराहना मिली है।

कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर इनकी नवीनतम पुस्तक का भव्य लोकार्पण भी किया गया, जो साहित्य प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर की अनेक साहित्यिक प्रतियोगिताओं में दोनों लेखिकाओं की उल्लेखनीय भागीदारी और सफलता ने उत्तराखंड की साहित्यिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ दी हैं। इस सम्मान ने न केवल उनकी उपलब्धियों को देशभर में पहचान दिलाई, बल्कि हल्द्वानी को भी गौरवांवित किया है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page