कैंसर जागरूकता के लिए समाज सेवा कर रहीं डॉ. दिशा तिवारी को सारथी फाउंडेशन ने किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड की बेटी का सम्मान
हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सामाजिक संस्था सारथी फाउंडेशन समिति ने शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में कैंसर जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली उत्तराखंड की बेटी डॉ. दिशा तिवारी को सम्मानित किया।
संस्था द्वारा यह कार्यक्रम हल्द्वानी में आयोजित किया गया, जहां पहली बार निशुल्क स्वास्थ्य कैंप के लिए आईं डॉ. दिशा तिवारी को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। वर्तमान में दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में कार्यरत डॉ. दिशा तिवारी मेडिकल क्षेत्र में अपनी व्यस्तता के बावजूद समाज में कैंसर की रोकथाम और जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
डॉ. दिशा तिवारी ने अपनी प्रारंभिक मेडिकल शिक्षा राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। आगे बढ़ते हुए उन्होंने मेडिसिन क्षेत्र में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की और चिकित्सा जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।
अपने शैक्षणिक और शोध कार्यों के दौरान डॉ. दिशा तिवारी को कई प्रतिष्ठित संस्थानों से सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्हें कुमाऊं विश्वविद्यालय और किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज से गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ। इसके अलावा उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान मिली है। वे ESMO-Asia सिंगापुर में ट्रैवल ग्रांट रिसीपेंट रहीं, साथ ही इंडियन कैंसर कांग्रेस मुंबई और ECMO चेन्नई से भी सम्मानित की जा चुकी हैं।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत और सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी ने डॉ. दिशा तिवारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी डॉ. दिशा तिवारी न केवल चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, बल्कि समाज को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि हल्द्वानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में उनके द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी डॉ. दिशा तिवारी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







