ग्राहक जागरण को जन–आंदोलन बनाने का संकल्प सजग ग्राहक ही डिजिटल युग की सबसे बड़ी ताकत: लाखन सिंह

हरिशंकर सिंह सैनी वरिष्ठ पत्रकार  देहरादून उत्तराखंड

देहरादून उपभोक्ता संरक्षण कानून तभी प्रभावी होगा, जब ग्राहक स्वयं जागरूक होगा। आज ग्राहक केवल खरीदार नहीं, बल्कि अपने अधिकारों को समझने वाला सजग नागरिक है। इसी सोच के साथ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत देशभर में ‘ग्राहक जागरण’ को जन–आंदोलन का रूप देने में जुटी है। यह कहना है अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह का, जो उत्तराखंड, मेरठ प्रांत और ब्रजमंडल का दायित्व संभाल रहे हैं।
उत्तराखंड के तराई अंचल स्थित रुद्रपुर (जनपद उधम सिंह नगर) में एक साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में जन्मे लाखन सिंह ने सामाजिक सरोकारों को जीवन का लक्ष्य बनाया। बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्र और समाज सेवा के संस्कार उन्हें मिले। जन–जन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन्होंने उपभोक्ता अधिकारों को लेकर सतत संघर्ष किया और आज वे इस क्षेत्र में एक सशक्त और समर्पित नाम बन चुके हैं।
वर्तमान में वे अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी उपभोक्ताओं तक जागरूकता की अलख जगा रहे हैं। जागरूकता शिविर, प्रशिक्षण कार्यक्रम और संवाद के जरिए वे लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों से परिचित करा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की अखिल भारतीय साधारण सभा आगामी अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में शांतिकुंज, हरिद्वार में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से आए प्रतिनिधि उपभोक्ता हितों से जुड़े मुद्दों पर मंथन करेंगे।
इसी पृष्ठभूमि में वरिष्ठ पत्रकार हरिशंकर सिंह सैनी ने लाखन सिंह से विशेष संवाद किया। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश—
प्रश्न: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डालिए।
उत्तर: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की स्थापना 1970 के दशक में हुई, जब उपभोक्ता अधिकारों को लेकर न तो पर्याप्त कानून थे और न ही जन-जागरूकता। यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित एक स्वदेशी, गैर-राजनीतिक संगठन है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ता को शोषण से मुक्त कर उसे सजग, संगठित और समर्थ बनाना है। आज यह संगठन देश के लगभग सभी राज्यों में सक्रिय है।
प्रश्न: अखिल भारतीय और क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की भूमिका क्या है?
उत्तर: अखिल भारतीय स्तर पर संगठन नीति निर्माण, उपभोक्ता कानूनों पर सुझाव और केंद्र सरकार के साथ संवाद करता है। क्षेत्रीय स्तर पर हम इन नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करते हैं। जिलों, नगरों और गांवों तक संगठन को पहुंचाकर मिलावट, फर्जी उत्पाद, गलत बिलिंग, बैंकिंग और बीमा धोखाधड़ी जैसी समस्याओं का समाधान करते हैं।
प्रश्न: ‘ग्राहक जागरण’ के तहत क्या-क्या कार्य किए जाते हैं?
उत्तर: जागरूकता शिविर, कार्यशालाएं, उपभोक्ता गोष्ठियां और प्रशिक्षण कार्यक्रम हमारे प्रमुख कार्य हैं। उपभोक्ताओं को बिल जांचने, नकली और असली उत्पाद पहचानने, ऑनलाइन ठगी से बचने और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई जाती है। जरूरतमंदों को कानूनी मार्गदर्शन भी दिया जाता है।
प्रश्न: क्या कोई ठोस उदाहरण साझा करना चाहेंगे?
उत्तर: हाल ही में एक गैस एजेंसी द्वारा अवैध वसूली का मामला सामने आया। संगठन के हस्तक्षेप से उपभोक्ताओं को पैसा वापस मिला और एजेंसी पर कार्रवाई हुई। बीमा और ई-कॉमर्स से जुड़े कई मामलों में भी उपभोक्ताओं को न्याय दिलाया गया।
प्रश्न: हाल की प्रमुख गतिविधियां क्या रहीं?
उत्तर: हाल के महीनों में प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जिनमें उपभोक्ता संरक्षण कानून 2019 की जानकारी दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को खाद, बीज, दवा और कृषि मशीनरी से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रश्न: आज उपभोक्ताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
उत्तर: बाजार में बढ़ती धोखाधड़ी, डिजिटल फ्रॉड और सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग सबसे बड़ी चुनौतियां हैं। उपभोक्ता को भ्रमित किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि उपभोक्ता केवल शिकायतकर्ता नहीं, बल्कि सजग नागरिक बने।
प्रश्न: उपभोक्ता संरक्षण कानून 2019 को आप कैसे देखते हैं?
उत्तर: यह कानून उपभोक्ताओं के लिए क्रांतिकारी है। इसमें ई-कॉमर्स, भ्रामक विज्ञापन और त्वरित न्याय की व्यवस्था है, लेकिन इसकी सफलता उपभोक्ता जागरूकता पर निर्भर करती है।
प्रश्न: भविष्य की योजनाएं क्या हैं?
उत्तर: हमारा फोकस डिजिटल जागरूकता और युवाओं को जोड़ने पर है। कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में उपभोक्ता क्लब बनाकर युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रश्न: अंत में उपभोक्ताओं के लिए आपका संदेश?
उत्तर: सजग रहें, संगठित रहें और सवाल पूछें। रसीद लेना, अधिकार जानना और गलत के खिलाफ आवाज उठाना ही सच्चा ग्राहक धर्म है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत आपके साथ है—न्याय, जागरूकता और स्वाभिमान के लिए।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page