पुलिस महानिदेशक महोदय के निर्देश पर आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने हेतु एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद पुलिस का सघन चेकिंग अभियान शुरू
अपराधियों का काल बनेगा Operation Crack Down, संदिग्धों पर होगी ताबड़तोड़ कार्यवाही

पुलिस महानिदेशक महोदय उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने तथा कानून व्यवस्था को अक्षुण्य बनाने हेतु वृहद सत्यापन अभियान (Operation Crack Down Verification Drive) चलाकर विभिन्न आश्रमों, होम स्टे, हॉस्टल, प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत, प्राइवेट नौकरी, श्रमिक, किरायेदार, फ्लैट लेकर निवासरत अज्ञात/अपरिचित/संदिग्ध, विभिन्न प्रकार के आपराधिक कृत्यों में लिप्त, आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।
उक्त के क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी द्वारा सभी थाना/ चौकी प्रभारियों को विशेष टीम बनाकर दिनांक 15 फरवरी 2026 से 01 माह का सघन Operation Crack Down Verification Drive के तहत प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।
जनपद में निवासरत बाहरी व्यक्तियों की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के दृष्टिगत एसपी नैनीताल डॉ0 जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान-
➤ टीमों द्वारा अपने थाना क्षेत्रांतर्गत पड़ने वाले फैक्ट्री, धर्मशाला, आश्रम, होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, हॉस्टल, पेइंग गेस्ट हाउस आदि का रिकॉर्ड तैयार कर सत्यापन किया जा रहा है।
➤ निजी/ सार्वजनिक निकायों, उपक्रमों, उच्च शिक्षण/कोचिंग संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों/कर्मचारियों, रेहड़ी-ठेली, आश्रम, धर्मशालाओं में रहने/कार्य करने वाले अथवा अन्य व्यवसायों में लगे महिला/पुरुष आदि सभी बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा।
➤ बाहरी राज्यों अथवा अन्य देशों से अध्ययन हेतु प्रदेश के प्राइवेट हॉस्टल, पेइंग गेस्ट हाउस, गेस्ट हाउस, किराए आदि में रहने वाले छात्र-छात्राओं का सत्यापन किया जाएगा। तथा अल्पावधि के लिए आए बाहरी व्यक्तियों का संबंधित होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, होम स्टे आदि से पहचान पत्र/आईडी प्राप्त कर सत्यापन किया जाएगा।
➤ सत्यापन के दौरान संदिग्ध एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के फोन नंबर सर्विलांस पर रखकर जनपदीय पुलिस, स्थानीय अभिसूचना इकाई एवं एसओजी/एसटीएफ द्वारा उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। प्रदेश के सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का रिकॉर्ड स्थानीय पुलिस थाने में उपलब्ध कराने हेतु अपील की जाएगी।
➤ आम जनता से बाहरी भाषा, भेष-भूषा, रहन-सहन, किराये पर रहने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों, लगातार आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों, बड़े मकान/फ्लैट किराये पर लेने वालों आदि की सूचना स्थानीय पुलिस को गोपनीय रूप से देने की अपील की जाएगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टी0सी0 ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है तथा किसी भी आपराधिक अथवा असामाजिक तत्वों को समाज में नुकसान पहुंचाने से रोकना है।







