कुमाऊं प्रीमियर लीग सीजन–2 : दूसरे दिन रोमांच, संघर्ष और एकतरफा जीत

पिथौरागढ़ में फुटबॉल प्रेमियों का उमड़ा जनसैलाब, नैनीताल और पिथौरागढ़ की शानदार जीत
पिथौरागढ़। सर्वोपरि वेलफेयर सोसाइटी, बिठौरिया यूनाइटेड फुटबॉल क्लब एवं जिला फुटबॉल एसोसिएशन पिथौरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कुमाऊं प्रीमियर लीग सीजन–2 के दूसरे दिन मैदान में रोमांच, संघर्ष और शानदार खेल का नजारा देखने को मिला। वेन्यू पिथौरागढ़ में दर्शकों की भारी भीड़ के बीच तीन मुकाबले खेले गए। पूरे दिन खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।

पहला मुकाबला: उधम सिंह नगर बनाम बागेश्वर
दिन का पहला मैच उधम सिंह नगर और बागेश्वर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई। उधम सिंह नगर की ओर से जर्सी नंबर 10 ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। जवाब में बागेश्वर के जर्सी नंबर 7 ने बेहतरीन गोल कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं और मैच ड्रॉ रहा।

दूसरा मुकाबला: नैनीताल बनाम चंपावत
दूसरे मैच में नैनीताल और चंपावत के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने बेहतर तालमेल और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांचक बना रहा। आखिरकार नैनीताल के शशांक राणा ने अंतिम मिनटों में शानदार हेडर के जरिए निर्णायक गोल कर टीम को 1-0 की जीत दिला दी। दर्शकों ने इस गोल पर जमकर तालियां बजाईं।

तीसरा मुकाबला: पिथौरागढ़ बनाम अल्मोड़ा
तीसरे मैच में होम टीम पिथौरागढ़ ने अल्मोड़ा पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। तेज आक्रमण और सुदृढ़ रक्षापंक्ति के दम पर पिथौरागढ़ ने 4-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। जर्सी नंबर 8 सौरव कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
दूसरे दिन के मुकाबलों ने लीग की प्रतिस्पर्धा को और रोचक बना दिया है। दर्शकों की भारी उपस्थिति टूर्नामेंट की लोकप्रियता को दर्शा रही है।
आज के मुकाबले
लीग के अगले दिन तीन अहम मैच खेले जाएंगे। पहला मैच अल्मोड़ा व नैनीताल के बीच, दूसरा मुकाबला उधम सिंह नगर व चंपावत के मध्य तथा तीसरा मैच पिथौरागढ़ और बागेश्वर के बीच खेला जाएगा। खेल प्रेमियों में इन मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page