कुमाऊँ को मिली अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा, पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध

हल्द्वानी। पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। प्रबंधन ने बताया कि पीएसपी हॉस्पिटल कुमाऊँ क्षेत्र का सबसे अत्याधुनिक 250 बेड वाला अस्पताल है, जो आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से सुसज्जित है।
अस्पताल के चेयरमैन श्री जगदीश पिमोली ने कहा कि अस्पताल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य कुमाऊँ के मरीजों को महानगरों जैसी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ अपने ही शहर में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी प्रमुख जांच और उपचार की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। साथ ही शीघ्र ही ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे आपातकालीन मरीजों को और अधिक राहत मिलेगी।
श्री पिमोली ने जानकारी दी कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सभी मरीजों के लिए निःशुल्क ओपीडी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एमआरआई, कार्डियक सीटी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड समेत विभिन्न जांचों पर विशेष छूट दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक मरीज आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
प्रेस वार्ता में विश्वविख्यात ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जन डॉ. पी. एस. भंडारी ने बताया कि पीएसपी हॉस्पिटल में ब्रैकियल प्लेक्सस से जुड़ी जटिल बीमारियों का विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में नसों की चोट, हाथों की नसों की क्षति तथा जन्मजात नसों की कमजोरी जैसी गंभीर समस्याओं का यहां सफल इलाज किया जाता है। डॉ. भंडारी ने बताया कि उपचार के लिए देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी मरीज हल्द्वानी पहुंच रहे हैं, जो अस्पताल की विशेषज्ञता और विश्वास का प्रमाण है।
इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर श्री प्रेम पिमोली, ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जरी सेंटर के चेयरमैन डॉ. पी. एस. भंडारी, वरिष्ठ चिकित्सकगण, कर्मचारी एवं क्षेत्र के पत्रकार मौजूद रहे।
पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कुमाऊँ क्षेत्र में उन्नत, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।







