हेमंत द्विवेदी बने बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष

देहरादून, 03 मई: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर “श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति” में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। हेमंत द्विवेदी, जनपद पौड़ी गढ़वाल को समिति के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है, जबकि ऋषि प्रसाद सती, जनपद चमोली और विजय कपरवाण, जनपद रुद्रप्रयाग को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।
*दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति*
इस बार अध्यक्ष के अतिरिक्त दो उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति का निर्णय तीर्थ क्षेत्रों के व्यापक संचालन, बेहतर समन्वय और यात्रियों को अधिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
*मुख्यमंत्री की बधाई और अपेक्षाएं*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमंत द्विवेदी जी को अध्यक्ष पद पर तथा ऋषि प्रसाद सती जी और विजय कपरवाण जी को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि इन दायित्वों के माध्यम से मुझे पूर्ण विश्वास है कि सभी सम्मानित पदाधिकारीगण अपने अनुभव, समर्पण और दूरदृष्टि से समिति के कार्यों को नई गति और दिशा प्रदान करेंगे।
*सरकार का सहयोग*
मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार की ओर से हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह नई टीम भगवान बद्री-केदार के दिव्य धामों के प्रबंधन को और अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाएगी।
