जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 16 फरवरी को राजभवन घेराव

कुमाऊँ से हजारों कार्यकर्ता करेंगे देहरादून कूच, रणनीति तय

हल्द्वानी। प्रदेश सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने 16 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित ‘राजभवन घेराव’ को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस भवन, स्वराज आश्रम हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुमाऊँ मंडल से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई।
बैठक में आंदोलन की सफलता के लिए संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी, परिवहन व्यवस्था, अनुशासन और स्थल प्रबंधन जैसे विषयों पर गंभीरता से मंथन किया गया। पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए 16 फरवरी को देहरादून पहुंचने का आह्वान किया गया।
कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक श्री प्रीतम सिंह, जिन्हें इस कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है, ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की नीतियों से आमजन प्रभावित हैं और कांग्रेस पूरी ताकत के साथ राजभवन घेराव कर जनता की आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे।
नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों के ठहराव से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी का राजभवन घेराव जनआक्रोश की सशक्त अभिव्यक्ति होगा।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
हल्द्वानी विधायक श्री सुमित हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया है।
बैठक का संचालन हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट एवं नैनिताल जिलाध्यक्ष श्री राहुल छिमवाल ने संयुक्त रूप से किया।


इस अवसर पर उपनेता सदन व खटीमा विधायक श्री भुवन कापड़ी, किच्छा विधायक श्री तिलकराज बेहड़, नानकमत्ता विधायक श्री गोपाल सिंह राणा, पूर्व सांसद श्री महेंद्र सिंह पाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक श्री प्रेमानंद महाजन, श्री हेमेश खर्कवाल, श्री ललित फर्स्वाण, श्री खजान चंद्र गुड्डू, श्री बालकिशन, सरदार नवतेज पाल सहित कुमाऊँ मंडल के जिला व महानगर अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठजन मौजूद रहे।
बैठक में वक्ताओं ने विश्वास जताया कि 16 फरवरी का राजभवन घेराव जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा और प्रदेश सरकार को जनता की भावनाओं से अवगत कराने का कार्य करेगा।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page