30 जून तक बढ़ी उम्र सीमा: अब ज्यादा बच्चों को मिलेगा पहली कक्षा में दाखिला, गरीब परिवारों को बड़ी राहत

आरटीई के तहत 24 मार्च से शुरू होंगे आवेदन, निजी स्कूलों में भी मिलेगा मुफ्त प्रवेश का मौका

हल्द्वानी। नए शिक्षा सत्र से पहले अभिभावकों और खासकर गरीब परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग ने प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु पूरी करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून कर दी है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।
अब 30 जून तक तीन वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों को नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी में प्रवेश मिल सकेगा, जबकि छह वर्ष पूरे करने वाले बच्चों को पहली कक्षा में दाखिला दिया जाएगा। इससे पहले यह डेडलाइन एक अप्रैल थी, जिसके कारण कई बच्चों का प्रवेश सिर्फ एक-दो दिन की उम्र कम होने के कारण रुक जाता था।
शिक्षा विभाग के इस फैसले से बड़ी संख्या में अभिभावकों को राहत मिलेगी और अधिक बच्चों को नए सत्र में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
आरटीई के तहत 24 मार्च से आवेदन
निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के प्रवेश के लिए आरटीई (Right to Education) के तहत भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विभाग ने इसके लिए समय-सारिणी जारी कर दी है।
6 से 15 मार्च: पहले से पंजीकृत स्कूल पोर्टल पर जानकारी अपडेट करेंगे
6 से 15 मार्च: नए स्कूलों का पंजीकरण
23 मार्च तक: स्कूलों और सीटों का सत्यापन
24 मार्च से 2 अप्रैल: बच्चों के लिए ऑनलाइन आवेदन
3 अप्रैल तक: आवेदन पत्र व दस्तावेज जमा
13 अप्रैल: दस्तावेजों की जांच के बाद सूची की पुष्टि
17 अप्रैल: लॉटरी के माध्यम से चयन
जानकारी अपडेट नहीं करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई
आरटीई के तहत पंजीकृत निजी स्कूलों को नए सत्र के लिए पोर्टल पर अपनी जानकारी अपडेट करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने वाले स्कूलों को इस सत्र में आरटीई के तहत प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
स्कूलों की मनमानी की शिकायत अभिभावक इन नंबरों पर कर सकते हैं:
18001804132, 0135-2781942
मुख्य शिक्षा अधिकारी जीआर जायसवाल के अनुसार पहली कक्षा में प्रवेश की आयु सीमा बढ़ाकर 30 जून कर दी गई है और आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 24 मार्च से पोर्टल खोला जाएगा। फर्जी दस्तावेज देने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
जिले में करीब 1500 से अधिक सरकारी और निजी स्कूलों में इस फैसले का लाभ मिलेगा, जिससे खासकर गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई का रास्ता आसान होगा।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page