गारंटी और मोटे ब्याज का जाल: 6.80 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, दो मास्टरमाइंड दबोचे

SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी का बड़ा खुलासा, जनता से किया सतर्क रहने का आह्वान
नैनीताल।
जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई सख्त कार्रवाई में फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरोह सहकारिता संस्था के नाम पर वर्षों से भोले-भाले लोगों की मेहनत की कमाई हड़प रहा था।
एसएसपी के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC से संबंधित बहुचर्चित वित्तीय घोटाले का सफल अनावरण किया।
सहकारिता के नाम पर खुला ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” के नाम से हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में शाखाएं खोलीं। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत कई जनपदों के लोगों से निवेश कराया गया।
हजारों निवेशकों से करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र कर लिए गए, जिसे संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने साथियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और अभियुक्तों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।
दिल्ली-हरियाणा तक दबिश, लालकुआं से गिरफ्तारी
न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक लगातार दबिश दी। आखिरकार 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
और गिरफ्तारियां संभव
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना जताई जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
आपराधिक इतिहास
कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC
थाना मुखानी:
मु0अ0सं0 181/25, धारा 420 IPC, 3/21 BUDS Act, 3 UPID Act
मु0अ0सं0 50/23, धारा 420 IPC
गिरफ्तार अभियुक्त
हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
खाते में प्राप्त राशि: ₹2 करोड़ 26 लाख
विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)
खाते में प्राप्त राशि: ₹4 करोड़ 58 लाख
गिरफ्तारी टीम
उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट, थाना लालकुआं
कांस्टेबल आनंदपुरी
कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट
पुलिस टीम को इनाम
उत्कृष्ट कार्य के लिए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने गिरफ्तारी टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
SSP की जनता से अपील
एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच से सावधान रहें। किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
— मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page