“योग से ही होगा उत्कर्ष: हल्द्वानी के अभियंता सुरेश मार्तोलिया का प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संदेश”

हल्द्वानी, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी के अपर सहायक अभियंता श्री सुरेश मार्तोलिया ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

श्री मार्तोलिया ने अपने संदेश में कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुशासन है जो मानव को प्रकृति के साथ जोड़ता है। यह तन, मन, बुद्धि और आत्मा – चारों के संतुलन का माध्यम है। जब संसार तनाव और बीमारी की ओर बढ़ रहा है, तब योग एक मार्गदर्शक शक्ति के रूप में उभरता है।”
उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नागरिक ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। योग न केवल रोगों से लड़ने की शक्ति देता है, बल्कि व्यक्ति को संयम, अनुशासन और मानसिक स्थिरता भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे दैनिक जीवन में योग को अनिवार्य रूप से शामिल करें और अगली पीढ़ियों तक इसे संजोकर रखें।
“स्वस्थ जीवन, योगमय जीवन” का संकल्प लेते हुए श्री मार्तोलिया ने कहा कि “योग को अपनाना केवल व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।”
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं और आग्रह किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए उसे जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण