बलियानाला सुदृढ़ीकरण कार्यों का सचिव आपदा प्रबंधन द्वारा स्थलीय निरीक्षण, ₹298.93 करोड़ की पुनरीक्षित योजना पर जताया संतोष

नैनीताल, 22 अगस्त बलियानाला, नैनीताल क्षेत्र में दीर्घकालिक समाधान हेतु संचालित बहुपरियोजना कार्यों का शुक्रवार को सचिव, आपदा प्रबंधन, उत्तराखण्ड शासन श्री विनोद कुमार सुमन द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण परियोजना की प्रगति और तकनीकी पहलुओं के मूल्यांकन के उद्देश्य से किया गया।

गौरतलब है कि बलियानाला योजना हेतु प्रारंभ में ₹177.91 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें ₹5 करोड़ पर्यटन विभाग द्वारा सौंदर्यीकरण हेतु शामिल थे। जनवरी 2024 में अनुबंध के उपरांत कार्य आरंभ हुआ। भूगर्भीय जटिलताओं को देखते हुए पूर्व डी.पी.आर. में आवश्यक सुधार कर इसे सुदृढ़ किया गया। इसके तहत आई.आई.टी. रुड़की एवं पी.एम.सी. के सुझावों को शामिल करते हुए पुनरीक्षित ₹298.93 करोड़ की योजना को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

पुनरीक्षित योजना में Micropile, Grouting, Shotcrete, Self Driven Anchors (SDA), Welded Wire Mesh जैसी नवीनतम तकनीकों के माध्यम से स्थल को स्थायित्व प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सचिव आपदा ने सेक्शन-A के विभिन्न बेंच (El 1880, El 1866, El 1852) पर संपादित कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्य अभियंता सिंचाई श्री संजय शुक्ल ने तकनीकी कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। सचिव श्री सुमन ने अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और आगामी कार्यों की रूपरेखा की भी गहन जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलिंग, सीढ़ियों आदि की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विभिन्न सेक्शन से निकल रही जलधाराओं को पाइपों के माध्यम से सुरक्षित रूप से नाले (टो) तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए ताकि संभावित कटाव को रोका जा सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, अधीक्षण अभियंता श्री महेश खरे, सहायक अभियंता श्री सुमित मालवाल एवं श्री पंकज पाठक, अपर सहायक अभियंता श्री पुष्पेन्द्र सैनी तथा निर्माणदायी संस्था M/s Arun Construction के प्रतिनिधि श्री इंदरजीत एवं श्री दीपक शर्मा भी उपस्थित रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page