जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, विकास को लेकर दिखा संकल्प

नैनीताल, 1 सितम्बर: नैनीताल क्लब (शैले हॉल) में सोमवार को आयोजित एक भव्य समारोह में जिला पंचायत नैनीताल के नव निर्वाचित अध्यक्ष दीपा दर्मवाल एवं उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने अपने पद की शपथ ली। समारोह की शुरुआत अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शपथ दिलाने से हुई, जिसके पश्चात अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने सभी नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।

अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने अपने संबोधन में सभी को नंदा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नैनीताल को विकास के पथ पर अग्रणी जनपद बनाया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों व आम जनता से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि जिला पंचायत सतत रूप से जिले के विकास के लिए कार्य करती रहेगी।

उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने भी भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए सभी समस्याओं का सामूहिक समाधान निकाला जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जिला पंचायत की प्रथम बैठक 6 सितम्बर 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे नैनीताल क्लब के सभागार में आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हेमंत द्विवेदी, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, शांति मेहरा, दीपक मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, राज्य आंदोलनकारी गणेश बिष्ट, पूर्व उपाध्यक्ष आनंद दर्मवाल सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page