REAP परियोजना से बदलेगी ग्रामीण तस्वीर, महिला समूहों को मिलेगा रोजगार का नया संबल

भीमताल, 29 जनवरी। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डे की अध्यक्षता में विकास भवन भीमताल में ग्रामोत्थान REAP परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने एरोमेटिक पौधों के रोपण को बढ़ावा देने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों का एक्सपोजर विजिट सितारगंज में कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने REAP परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पूअर श्रेणी में आशातीत प्रगति लाने पर बल देते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि REAP परियोजना एवं NRLM योजना के कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और समय-समय पर समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रगति आख्या प्रस्तुत करें।
उन्होंने बताया कि आगामी 15 फरवरी तक सभी REAP एवं NRLM कार्मिक अपने-अपने इनोवेटिव प्लान प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में भीमताल सहित अन्य क्षेत्रों में बढ़ती वाहन पार्किंग समस्या के समाधान के लिए वॉलेट पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने हेतु स्थल चयन के निर्देश दिए गए। इसका संचालन महिला समूहों को सौंपे जाने की बात कही गई, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि महिलाएं योगा ट्रेनर बनकर अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकती हैं। इसके साथ ही फुटबॉल टर्फ और क्रिकेट बॉलिंग प्रैक्टिस मशीन का संचालन भी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए। नेटल ग्रास फैब्रिक उत्पादन के लिए एक्सपोजर विजिट कराकर समूहों के जरिए इसका निर्माण कराने, झीलों एवं अमृत सरोवरों के सौंदर्यीकरण में भी समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने परियोजना के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं को ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण देने पर जोर दिया, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। खंड विकास अधिकारी भीमताल एवं धारी को मॉडल विलेज सुनकिया में प्रगति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
इसके अलावा समूहों के माध्यम से कॉल सेंटर स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई, जहां टीवी, फ्रिज सहित अन्य घरेलू उपकरणों की मरम्मत की त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







