रमेश जोशी ने ठोकी नैनीताल कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद की दावेदारी

स्वराज आश्रम में भरे नामांकन के दौरान जुटे दिग्गज कांग्रेसी, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
हल्द्वानी। कांग्रेस पार्टी इन दिनों संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया से गुजर रही है, और इसी क्रम में नैनीताल जनपद में कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद को लेकर सरगर्मी चरम पर है। सोमवार को पदमपुर देवलिया ग्रामसभा के ग्राम प्रधान और वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता रमेश जोशी ने औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश कर दी।
हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में आयोजित नामांकन कार्यक्रम में रमेश जोशी ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद के लिए आवेदन दाखिल किया। इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। मध्य प्रदेश से पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान सांसद सुखदेव पांसे, विधायक ममता राकेश, पीसीसी सदस्य पुष्कर जैन, संदीप सहगल, सहित उत्तराखंड के तमाम कांग्रेस नेता इस मौके पर मौजूद रहे।
रमेश जोशी ने आवेदन पत्र सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वे लगातार दूसरी बार ग्राम प्रधान चुने गए हैं और वर्तमान में गौला खनन मजदूर उत्थान समिति के अध्यक्ष भी हैं, जिससे उन्हें ग्रामीण जनमानस की समस्याओं की गहरी समझ है।
जोशी ने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें संगठन की बागडोर सौंपी जाती है, तो वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठित कर पार्टी को मजबूत करेंगे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज को जोर-शोर से उठाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी रमेश जोशी की दावेदारी को गंभीरता से लिया और उनके अब तक के सामाजिक व राजनीतिक कार्यों की सराहना की।
नैनीताल जिले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद को लेकर कई नामों की चर्चा है, लेकिन रमेश जोशी की मजबूत ग्रामीण पकड़ और सक्रिय संगठनात्मक कार्य उन्हें अन्य दावेदारों से अलग पहचान दे रही है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस हाईकमान किसे नैनीताल की कमान सौंपता है।

