दूरस्थ गांवों में भाजपा नेता हेम आर्य का जनसंवाद, ठंड से राहत के लिए बांटे कंबल

नाईसीला व बेल गांव पहुंचे वरिष्ठ कार्यकर्ता, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, शीघ्र समाधान का दिलाया भरोसा
नैनीताल।
भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं समाजसेवी हेम आर्य ने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांव नाईसीला और बेल गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ व फूलमालाएं पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए हेम आर्य ने ग्रामीणों को कंबलों का वितरण कर राहत पहुंचाई।

भ्रमण के दौरान हेम आर्य ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी जन समस्याएं विस्तार से सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बीएसएनएल का टावर स्थापित होने के बावजूद नेटवर्क की भारी समस्या बनी हुई है, जिससे संचार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। वहीं शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि गांव में केवल हाईस्कूल तक ही विद्यालय है, जबकि 11वीं व 12वीं की पढ़ाई के लिए बच्चों को कालाढूंगी और हल्द्वानी स्थित इंटर कॉलेजों में जाना पड़ता है, जो 10 से 15 किलोमीटर दूर हैं। बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हेम आर्य ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सांसद अजय भट्ट से वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
हेम आर्य के गांव भ्रमण से क्षेत्र में खुशी की लहर देखी गई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का अब समाधान होगा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, ग्राम प्रधान बेल ललिता मलाड़ा, पूर्व बीटीसी मेंबर खीम सिंह तड़ागी, मनोहर सिंह, अमर सिंह, भुवन उप्रेती, ईश्वर दत्त, दलीप सिंह व खीम सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।








