संविदा कर्मियों के अधिकारों को लेकर तेज होगा आंदोलन, जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ की कुमाऊं मंडल कार्यकारिणी गठित

हल्द्वानी। उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ उत्तराखंड प्रदेश की ओर से रविवार को कुमाऊं मंडल की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार, प्रदेश संरक्षक गणेश नाथ गोस्वामी तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्याम सिंह संभल के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों से लगभग 180 संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।
गठित कुमाऊं मंडल कार्यकारिणी में गोविंद आर्य को मंडल संरक्षक, दयाकृष्ण कांडपाल (शाखा नैनीताल) को कुमाऊं मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, सितम बाल्मीकि (शाखा नैनीताल) को उपाध्यक्ष प्रथम और पूनम फर्त्याल (शाखा चंपावत) को उपाध्यक्ष द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कुमाऊं मंडल महामंत्री का दायित्व सुरेश चंद्र पनेरु (शाखा लालकुआं) को दिया गया, जबकि प्रथम मंत्री गिरीश चंद्र आर्य (शाखा हल्द्वानी) बनाए गए। कोषाध्यक्ष के पद पर प्रकाश चंद शर्मा (शाखा चंपावत) तथा उपकोषाध्यक्ष मनोज कुमार (शाखा हल्द्वानी) को चुना गया। कार्यालय मंत्री के रूप में हीरालाल (शाखा रुद्रपुर) और प्रचार मंत्री के रूप में राम सिंह (शाखा पिथौरागढ़) को जिम्मेदारी दी गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और स्पष्ट कहा कि यदि सरकार द्वारा संविदा कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य, समान वेतन तथा नियमितीकरण संबंधी आदेश शीघ्र जारी नहीं किए गए, तो प्रदेश संगठन को आर-पार की लड़ाई के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में बड़े आंदोलन की घोषणा जल्द की जा सकती है।
बैठक के अंत में सभी संविदा कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page