दुग्ध उत्पादकों को 2 रुपये बढ़ोतरी की सौगात, लालकुआँ दुग्ध संघ में उमड़ा जनसैलाब

लालकुआँ। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और प्रबंध कमेटी के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आए दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान स्वच्छ दूध उत्पादक गोष्ठी आयोजित की गई तथा जिला योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल मौजूद रहीं।
समारोह में दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 826 से अधिक दुग्ध उत्पादकों की भागीदारी रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर दिखाई दिया। खास बात यह रही कि अध्यक्ष मुकेश बोरा के एक फोन कॉल पर बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन गोष्ठी में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दूध उत्पादन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता ही दुग्ध व्यवसाय की असली पहचान है। यदि उत्पादक स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तो उन्हें बाजार में बेहतर मूल्य और पहचान दोनों मिल सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। संवाद कार्यक्रम में महिला दुग्ध उत्पादकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला योजना के अंतर्गत महिला डेयरी विकास योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हरिपुर कुंवर सिंह आनंदपुर तोक हल्द्वानी की दुग्ध उत्पादक हिमानी देवी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पुष्पा देवी को 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीपा देवी को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर और दीपा देवी 250 लीटर दूध नैनीताल दुग्ध संघ को आपूर्ति करती हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि आगामी 15 अप्रैल से दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों का सर्वांगीण विकास करना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से 2024 तक के प्रथम कार्यकाल में दुग्ध संघ द्वारा किसानों और पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। वहीं वर्ष 2024 से 2026 के दूसरे कार्यकाल में भी दुग्ध संघ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले सात वर्षों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारिता व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए हैं।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सहयोग से दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस मौके पर डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आरएम तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रभारी अभियंता राजेंद्र प्रसाद दुमका, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page